बोह आपदा: CM सुक्खू ने किया राहत पैकेज का ऐलान, मंत्री विक्रमादित्य ने बांटी आर्थिक सहायता
कांगड़ा। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की बोह पंचायत में बादल फटने से प्रभावित परिवारों के लिए प्रदेश सरकार ने राहत और पुनर्वास कार्य तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रभावितों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की है, वहीं लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की और अधिकारियों को पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पूरी तरह बेघर हुए परिवारों को मकान निर्माण के लिए 7.50 लाख रुपये, घरेलू सामान के लिए 1 लाख रुपये तथा जमीन न होने पर सरकारी भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा प्रभावित किसानों, पशुपालकों और दुकानदारों के लिए भी मुआवजे का ऐलान किया गया है। साथ ही प्रभावित परिवारों को 6 महीने तक मुफ्त राशन और किराए के मकान के लिए 5 हजार रुपये प्रतिमाह सहायता दी जाएगी।
दूसरी ओर, मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बोह पंचायत पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन की ओर से 16 प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की तथा अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बोह सड़क के सुधार के लिए लोक निर्माण विभाग के माध्यम से एक करोड़ रुपये जारी करने के भी निर्देश दिए।
दौरे के दौरान मंत्री ने शाहपुर क्षेत्र में चंबी खड्ड पर क्षतिग्रस्त पुल का भी निरीक्षण किया और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पुल के पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और क्षेत्र में क्षतिग्रस्त आधारभूत ढांचे की जल्द बहाली के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।






