10 से 23 जुलाई तक होगी श्रीखंड महादेव यात्रा
उतर भारत की सबसे कठिनतम यात्राओं में शुमार श्री खंड महादेव यात्रा इस वर्ष 10 जुलाई से 23 जुलाई तक आयोजित की जाएगी। 23 जुलाई को श्रद्धालुओं का आखिरी जत्था प्रशासन की ओर से रवाना किया जाएगा। यात्रा को 5 सेक्टरों में बांटा जाएगा और यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। डीसी कुल्लू एवं श्रीखंड महादेव यात्रा ट्रस्ट की अध्यक्ष तोरुल एस रवीश ने यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में यह बात कही। उन्होंने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से निरमंड उपमंडल के प्रशासनिक अधिकारियों को विभिन्न दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों को यात्रियों की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम करने को कहा। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष आपदा से यात्रा रूट के जो रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उनका मरम्मत कार्य चल रहा है। यात्रियों के ठहराव के सभी स्थानों पर उचित आधारभूत सुविधा प्रदान करने के लिए प्रशासन प्रयासरत है। उन्होंने संबंधित विभागों को मामले पर तेजी से कार्य करने और आपसी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। डीसी ने यात्रा ट्रस्ट के सदस्यों, चायल, जुआगी पंचायत के व्यापारियों के साथ श्रीखंड यात्रा को लेकर विस्तृत चर्चा की। ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य एवं मिल्कफेड के चेयरमैन बुद्धि सिंह ने भी इस दौरान प्रशासन से विभिन्न मामलों में विस्तार से चर्चा की और कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने यात्रा के सफल आयोजन की कामना की और श्रद्धालुओं से यात्रा को सफल बनाने के लिए सहयोग का भी आह्वान किया। इस मौके पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह ने जानकारी प्रदान करते हुए कहा कि सभी यात्रियों को पंजीकरण के द्वारा ही यात्रा पर रवाना किया जाएगा। यात्रियों के स्वास्थ्य जांच के लिए मेडिकल टीमें तैनात की जाएंगी। यात्रा पंजीकरण शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 250 रुपए का पंजीकरण शुल्क यात्रियों से लिया जाएगा। पंजीकरण ऑनलाइन होगा और इस संबंध में पंजीकरण पोर्टल को कुछ दिनों में चालू किया जाएगा। विभिन्न विभागों के समन्वय से यात्रा के सफल आयोजन के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रा के दौरान पर्वतारोहण संस्थान का दल भी तैनात रहेगा। इसके अलावा रेस्क्यू दल भी विभिन्न स्थानों पर तैनात किए जाएंगे।












