सोलन के आंजी में दर्दनाक सड़क हादसा: एक की मौत, 2 की हालत गंभीर
सोलन। सोलन जिले के समीप आंजी क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब किन्नौर की ओर से आ रही एक गाड़ी सड़क किनारे खड़े सिरमौर नंबर के ट्रक से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है।
घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद आ गई हो या वाहन की गति अधिक होने के कारण वह नियंत्रण खो बैठा हो। हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच प्रक्रिया जारी है।












