26 साल बाद कारगिल शहीद दिनेश लगवाल के घर पहुंचे सेना के जवान
देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले कारगिल युद्ध के अमर शहीद दिनेश लगवाल के बलिदान को आज भी भारतीय सेना याद करती है। 26 वर्ष बाद शहीद दिनेश लगवाल की पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय सेना के जवान उनके पैतृक गांव अंदराल पहुंचे और उनके पिता कैप्टन भूप सिंह व माता विद्या देवी को सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट किया। सेना के अधिकारियों को देख शहीद के माता-पिता भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक गए। अमर शहीद दिनेश लगवाल बमसन की भटेड पंचायत के अंदराल गांव से संबंध रखते थे। मां भारती के वीर सपूत के परिवार में उनके पिता ने भी भारतीय सेना में 30 वर्ष और भाई राकेश लगवाल 16 वर्ष अपनी सेवाएं दे चुके हैं। शहीद दिनेश लगवाल के पिता ने कहा कि मुझे गर्व है कि मेरा बेटा देश के लिए शहीद हुआ और प्रदेश व देश का गौरव बढ़ाया और भारतीय सेना ने 26 वर्षों बाद भी मेरे बेटे और परिवार को याद रखा, ये सेना की महानता को दर्शाता है। उन्होंने कहा यह सम्मान न केवल मेरे परिवार बल्कि पूरे बमसन के लिए गर्व की बात है। दिनेश लगवाल बचपन से ही साहसी, मेधावी और मिलनसार थे। अपने कॉलेज की पढ़ाई के दौरान 1997 मै सेना मै भर्ती हुए थे और कारगिल युद्में वीरगति को प्राप्त हुए।












