भुंतर में बड़ा हादसा टला, HRTC बस डिवाइडर से टकराई; चालक-परिचालक सुरक्षित
कुल्लू। जिला कुल्लू में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर भुंतर के पास हाथीथान चौक में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस डिवाइडर से टकरा गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय बस में कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
जानकारी के अनुसार जम्मू-मनाली रूट पर चलने वाली यह बस नियमित तकनीकी जांच के लिए वर्कशॉप ले जाई जा रही थी। इसी कारण बस में मौजूद यात्रियों को पहले ही दूसरी बस में भेज दिया गया था।
बताया जा रहा है कि हाथीथान चौक के पास अचानक सामने आए एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने बस को मोड़ दिया, जिससे बस डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक और परिचालक पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। समय रहते बस खाली होने के कारण एक बड़ा और दर्दनाक हादसा टल गया।






