कुल्लू में दिल दहला देने वाला ‘हिट एंड रन’: पहले मारी टक्कर, फिर तड़पते राहगीर पर दोबारा चढ़ाई कार, मौके पर मौत
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में सोमवार दोपहर एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया। नग्गर रोड स्थित फार्म के पास दिल्ली नंबर की एक तेज रफ्तार कार के चालक ने कथित तौर पर शराब के नशे में पहले एक पैदल राहगीर को टक्कर मारी और फिर घायल अवस्था में सड़क पर तड़प रहे व्यक्ति के ऊपर दोबारा कार चढ़ाकर उसे कुचल दिया। इस निर्मम घटना में राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा दोपहर करीब 12:15 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि दिल्ली नंबर की स्विफ्ट कार (DL12CU0584) में दो युवक और एक युवती सवार थे। कार तेज गति से चल रही थी और वाहन में मौजूद लोग कथित तौर पर चलती गाड़ी में बीयर पी रहे थे। इसी दौरान नग्गर फार्म रोड के पास चालक ने लापरवाही से वाहन को गलत दिशा में मोड़ दिया, जिससे सड़क किनारे चल रहे रामकृष्ण नामक व्यक्ति को जोरदार टक्कर लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि रामकृष्ण करीब 25 फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि चालक ने घायल को देखकर वाहन रोकने या मदद करने के बजाय कार को पीछे किया और घायल व्यक्ति के ऊपर दोबारा वाहन चढ़ा दिया। इस क्रूर कृत्य के कारण रामकृष्ण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए कार को घेर लिया और चालक को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
पकड़े गए चालक की पहचान विक्रांत विज (29 वर्ष), पुत्र राम देव विज, निवासी करोल बाग, नई दिल्ली के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पटलीकूहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। कार में सवार अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी रोष है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।






