ऊना में आधी रात पेट्रोल पंप पर लूट की कोशिश, हवाई फायरिंग कर फरार हुए बदमाश
ऊना। हिमाचल प्रदेश में आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ताजा मामला जिला ऊना का है, जहां चंडीगढ़–धर्मशाला नेशनल हाईवे पर स्थित बहडाला गांव के एक पेट्रोल पंप पर देर रात लूट की सनसनीखेज कोशिश की गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि करीब 1 बजे सफेद रंग की स्कूटी और एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे। बदमाश सीधे ऑफिस में घुसने का प्रयास करने लगे, जिससे कर्मचारियों को शक हुआ। जब उनसे पूछताछ की गई तो वे टालमटोल करने लगे और अचानक स्थिति बिगड़ गई।
इसी दौरान आरोपियों ने अपने एक साथी को छुड़ाने के लिए हथियार निकाल लिया और हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पेट्रोल पंप मालिक विकास भारद्वाज ने बताया कि सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। कर्मचारियों की सतर्कता के चलते बड़ी वारदात टल गई।
एक कर्मचारी दिनेश शर्मा ने बताया कि जब युवकों से अंदर आने का कारण पूछा गया तो वे संदिग्ध व्यवहार करने लगे। इसी दौरान फायरिंग कर दी गई और बदमाश भाग निकले।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली गई है और आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। हाल ही में हुई अन्य वारदातों से भी इस घटना के संभावित कनेक्शन की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही त्यूड़ी क्षेत्र में एक शराब ठेके में लूट की वारदात हुई थी। पुलिस अब दोनों घटनाओं के बीच संबंध की भी जांच कर रही है।












