'हरि बोल, हरि बोल' के जयकारों से गूंजा शहर
हमीरपुर शहर में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा शुक्रवार को श्री सत्य नारायण मंदिर से धूमधाम से निकाली गई। रथयात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ के भजनों पर झूमते हुए पूरे शहर का माहौल भक्तिमय बना दिया। रथयात्रा अस्तपाल चौक से होते हुए बस स्टैंड, नादौन चौक, दयानंद चौक होते हुए दोपहर बाद गांधी चौक पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह छबीलें लगाईं व प्रसाद भी बांटा। गांधी चौक से यह रथयात्रा शहरी की परिक्रमा कर दंगड़ी मठ के लिए रवाना हुई। सैकड़ों की संख्यां में भक्त भगवान जगन्नाथ यात्रा में उमड़े हुए थे। पूरा शहर 'हरि बोल, हरि बोल' के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर विधायक सदर आशीष शर्मा ने भी प्रभु श्री जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा में अपनी पत्नी सहित भाग लिया। इस मौके पर भगवान के श्री चरणों में प्रणाम कर उन्होंने सभी की सुख-शांति की कामना की। उन्होंने कहा कि भक्तिमय माहौल में प्रभु नाम का सिमरन कर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर उपस्थित भक्तजनों के भजनों एवं प्रभु आशीर्वाद से आध्यात्मिक एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है। इस मौके पर उन्होंने श्री सत्यनारायण मंदिर में भी शीश नवाया।












