बीस पंचायतों के विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट, सलूणी स्कूल में विज्ञान शिक्षक नहीं
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलूणी में दो साल से साइंस संकाय में बायो और केमिस्ट्री पढ़ाने वाला कोई अध्यापक नहीं है। इस बारे में स्कूल प्रबंधन समिति शिक्षा मंत्री को भी अवगत करवा चुकी है लेकिन अभी तक सरकार व विभाग ने इस दिशा कोई कदम नहीं उठाया है। इसका खामियाजा बीस पंचायतों के बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। कई बच्चे विज्ञान संकाय पढ़ने के लिए चंबा या बनीखेत जाने को मजबूर हैं। एसएमसी अध्यक्ष देसराज, सदस्य मुकेश कुमार, बिंद्रा देवी, बिंता देवी, लेखराज और चैन लाल ने बताया कि पाठशाला में 500 विद्यार्थी पढ़ते हैं। इसमें कई विद्यार्थी विज्ञान संकाय में पढ़ाई करने की रुचि रखते हैं लेकिन जब विद्यार्थियों को पढ़ाने वाला कोई अध्यापक ही नहीं होगा तो विद्यार्थी वार्षिक परीक्षा में फेल हो जाएंगे। इसी डर से विद्यार्थी इस संकाय को चाहकर भी नहीं पढ़ पा रहे हैं। उन्होंने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि पाठशाला में शीघ्र अध्यापकों की तैनाती की जाए ताकि बच्चों को विज्ञान संकाय पढ़ने के लिए लंबी दूरी न तय करनी पड़े। वैसे भी इस पाठशाला को पीएम श्री का दर्जा प्राप्त है। ऐसे में यहां अध्यापकों के सभी पद भरे होने चाहिए। उच्च शिक्षा उपनिदेशक भाग सिंह ने बताया अध्यापकों की कमी के बारे में सरकार को अवगत करवा दिया गया है।












