मंडी में घर में घुसे हथियारबंद युवकों ने पिता-पुत्र को किया लहूलुहान, CCTV में कैद हुई वारदात
मंडी। जिला मंडी के जोगिंद्रनगर उपमंडल की नेर घरवासड़ा पंचायत के नेर गांव में शनिवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तीन हथियारबंद युवकों ने एक घर में घुसकर पिता-पुत्र पर हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेर गांव निवासी हेमराज पुत्र लक्ष्मण सिंह शनिवार रात करीब 10:30 बजे अपने घर के साथ लगती दुकान बंद कर भोजन करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान घर के बाहर गाली-गलौज और शोर-शराबे की आवाजें सुनाई दीं। जब हेमराज बाहर निकले और युवकों को समझाने का प्रयास किया, तो मामला अचानक हिंसक हो गया।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक हेमराज के साथ हाथापाई करने लगे। शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचे उनके छोटे बेटे अक्षम उर्फ आदित्य पर आरोपियों ने दराट से हमला कर दिया। बेटे को बचाने के प्रयास में हेमराज भी हमले का शिकार हो गए। हमले में हेमराज की बाईं बाजू पर गहरी चोट आई है, जबकि अक्षम को भी गंभीर चोटें पहुंची हैं।
बस्सी गांव के बताए जा रहे हैं आरोपी
घटना के बाद दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि उनका चाचा बलबीर सिंह घटनास्थल पर मौजूद रहा। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी नजदीकी बस्सी गांव के निवासी हैं।
कॉलेज छात्र है घायल युवक
घायल 20 वर्षीय अक्षम उर्फ आदित्य राजकीय महाविद्यालय जोगिंद्रनगर में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। परिजनों का कहना है कि बिना किसी बड़े विवाद के इस तरह घर में घुसकर हमला करना बेहद चिंताजनक है।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो पास के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वीडियो के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में रोष है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।






