धर्मशाला के दाड़ी में विवाहिता की संदिग्ध मौत, कमरे से मिला सुसाइड नोट
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के धर्मशाला क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दाड़ी क्षेत्र में महिला का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय पलोमा कार्की अपने पति से अलग पिता के घर में रह रही थीं। प्रारंभिक जानकारी में पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव की बात सामने आई है। पुलिस को महिला के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पति और सास द्वारा प्रताड़ना का उल्लेख किए जाने की बात कही जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी नारायण सिंह ने बताया कि दाड़ी निवासी महिला का शव फंदे से लटका मिला है। मौके से एक नोट भी बरामद हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मौत के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।






