चंबा में दर्दनाक हादसा: 250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दो युवकों की मौके पर मौ.त
भरमौर (चंबा): हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर उपमंडल की होली तहसील में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। लामू-हीलिंग मार्ग पर हीलिंग नाले के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सुरेश कुमार (48) पुत्र रंगीला राम और संजय कुमार (35) पुत्र शर्मा सरवन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों किसी आवश्यक कार्य से हीलिंग गए थे। देर रात करीब 11 बजे जब वे अपने घर लामू लौट रहे थे, तभी हीलिंग नाले के पास उनकी कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और गहरी खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनास्थल दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। बाद में पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही पुलिस ने दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच भी शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। सुरेश कुमार अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं, जबकि संजय कुमार के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






