सोलन के बरोटीवाला में पति ने पत्नी को उतारा मौ.त के घाट, घरेलू विवाद बना ह.त्या की वजह
सोलन। हिमाचल प्रदेश में जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला में घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सुनीता तथा आरोपित की पहचान सुरेंद्र, निवासी झारखंड के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंगलवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपित ने कथित रूप से गुस्से में आकर पत्नी के सिर पर भारी वस्तु से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बरोटीवाला थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी तथा फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बद्दी भेज दिया।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।






