भद्रकाली मंदिर भूमि विवाद में महिला पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
भद्रकाली माता मंदिर, भराड़ी से जुड़े भूमि विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पूर्व भद्रकाली मंदिर कमेटी सचिव एवं स्टेट बुशू अध्यक्ष परमानन्द आजाद ने वंदना, पत्नी संसार चंद एवं स्वर्गीय कामेश्वर शर्मा (पूर्व पुजारी) की पुत्री, पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों के अनुसार स्वर्गीय कामेश्वर शर्मा का दो माह पूर्व निधन हो चुका है। परिवार का आरोप है कि उनकी भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है, जबकि मामला न्यायालय में लंबित है और भूमि पर स्टे आदेश लागू है। घटना के समय घर में श्रीमद्भागवत महापुराण कथा चल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी विवादित भूमि पर सीमेंट की दीवार बनाने लगा। विरोध करने पर उसने वंदना के सिर और बाजू पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपी अपने घर में छिप गया, लेकिन ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना के कारण कुछ समय के लिए महादेव–करसोग मार्ग प्रभावित रहा। डीएसपी सुंदरनगर ने मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है। ग्रामीणों ने आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है।






