हिमाचल में आग बरसा रहा सूरज, रात को भी राहत नही
हिमाचल में पड़ रही भीषण गर्मी से अभी राहत मिलने की उम्मीद कम ही है। सूरज जहां दिन में आग बरसा रहा है, तो वहीं रात को भी पारा ज्यादा नहीं गिर रहा। यानी हालत यह हो गई है कि न दिन को राहत है और न रात को। पंखे, कूलर और एसी जरूरत से ज्यादा लगातार चलाने पड़ रहे हैं। प्रचंड गर्मी के आगे ये सारी सुविधाएं फेल नजर आ रही हैं। बुधवार को संभावित तापमान 40 डिग्री से कम होने का अनुमान था, लेकिन इसमें कमी नहीं आई। जिला मुख्यालय ऊना समेत पूरे जिले में लोगों को भयंकर गर्मी का सामना करना पड़ा। बुधवार को ऊना का अधिकतम पारा पूरे प्रदेश में सर्वाधिक 43.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम में भी बढ़ोतरी हुई और पारा 24.3 डिग्री तक जा पहुंचा। अब रात का न्यूनतम पारा भी रिकॉर्ड की ओर जाने लगा है। पिछले कुछ दिनों से जो आंकड़ा है, उसे देखा जाए तो आगे अभी राहत की उम्मीद बहुत कम है। लगातार दूसरे दिन लू के थपेड़ों से लोगों का बुरा हाल हुआ। आसमान से लगातार बरस रही आग ने मनुष्य के साथ जानवरों व पशु और पक्षियों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। दोपहर को तपती लू शरीर को झुलसा रही है। लू के थपेड़ों से लोगों के चेहरे लाल पड़ रहे हैं। प्रचंड गर्मी ने हर वर्ग के लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दोपहर के समय चल रही भयंकर लू के कारण लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को तीसरी बार ऊना का इस वर्ष का सबसे अधिक गर्म दिन रिकॉर्ड किया। ऊना का पारा 27 अप्रैल को 42 तथा 5 और 9 जून को 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, मंगलवार 10 जून को पारा साल के रिकॉर्ड स्तर 44.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। स्वास्थ्य विभाग ने गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया है और लोगों से अपील की है कि इन दिनों की भयंकर गर्मी से बचकर रहें। वहीं, मौसम विभाग ने प्रदेश में 13 जून से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश के आसार जताए हैं।
नेरी और बिलासपुर में देहरा का न्यूनतम पारा 29
भी पड़ रही भीषण गर्मी बुधवार को नेरी (हमीरपुर) का अधिकतम तापमान 41.1, बिलासपुर 39.9, कांगड़ा 39, भुंतर 38.4, मंडी और बरठीं 38, सुंदरनगर 37.9, धौलाकुआं 37.4, नाहन 36.2, धर्मशाला 35.1, सोलन 33.5, मनाली 31.5 और शिमला में 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
देहरा का न्यूनतम पारा 29
देहरा का न्यूनतम तापमान 29, नेरी 28.9, पांवटा साहिब 28, धौलाकुआं 26.8, कांगड़ा 25.6, मंडी 25.5, पालमपुर 24.5, सुंदरनगर 23.8, बिलासपुर 23.6, नाहन और बरठीं 22.9, भुंतर 22.3, शिमला 21.4, सोलन 19.4 और मनाली में 18.9 रिकॉर्ड किया गया।












