गिरिनगर–पॉलिटेक्निक सड़क निर्माण पर भाजपा का हमला, बिंदल बोले- करोड़ों की बर्बादी नहीं होगी बर्दाश्त
नाहन। गिरिनगर रोड से पॉलिटेक्निक तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर भाजपा ने प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण में भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं और जनता के करोड़ों रुपये का दुरुपयोग किया जा रहा है।
डॉ. राजीव बिंदल से रामपुर भारापुर पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल मिला। प्रतिनिधिमंडल में जिला परिषद सदस्य भगवान दास, पंचायत प्रधान रजनीश, उपप्रधान बलदेव, बीडीसी सदस्य दीपक सहित कई वरिष्ठ ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य में हो रही परेशानियों और कथित अनियमितताओं की जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को दी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि गिरिनगर–पॉलिटेक्निक सड़क पर लोक निर्माण विभाग द्वारा बार-बार निर्माण और तोड़फोड़ का काम किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि पहले सड़क को उखाड़ा जाता है, फिर भराई की जाती है, उसके बाद टाइलें लगाई जाती हैं और कुछ समय बाद उन्हें दोबारा हटाकर फिर से काम शुरू कर दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि आखिर इस तरह करोड़ों रुपये की सरकारी राशि क्यों खर्च की जा रही है और इसके लिए जिम्मेदार कौन है, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अव्यवस्थित निर्माण कार्य के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई घर मिट्टी में दब गए हैं, लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और सड़क पर जलभराव के कारण आवाजाही प्रभावित हो रही है।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि किसी व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के लिए आम जनता की सुविधाओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे की बर्बादी और विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल के साथ उन्होंने लोक निर्माण विभाग के सुपरिटेंडिंग इंजीनियर से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी है। उन्होंने विभाग से मौके का निरीक्षण करवाने, तकनीकी जांच कराने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. बिंदल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा स्थानीय लोगों के साथ मिलकर जनहित में आंदोलन करेगी।






