सोनम वांगचुक के समर्थन में हिमाचल में प्रदर्शन, कई जिलों में रैली; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
शिमला। पर्यावरणविद् और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में सोमवार को हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में छात्र, युवा और वामपंथी संगठनों ने प्रदर्शन किए। इस दौरान रैलियां और धरने आयोजित कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने सोनम वांगचुक की रिहाई, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
राजधानी शिमला में शेर-ए-पंजाब के समीप युवाओं ने धरना देकर 'सोनम वांगचुक जिंदाबाद' और 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' के नारे लगाए। वहीं सोलन में सीटू, एसएफआई और अन्य सामाजिक संगठनों ने चिल्ड्रन पार्क से पुराने विश्राम गृह तक रोष रैली निकाली और पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
कुल्लू में उपायुक्त कार्यालय के बाहर सीटू और सीपीआई(एम) कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की और केंद्र सरकार से छात्रों के मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।






