मंडी के तिरस्कार का खामियाजा भुगतेगी सुक्खू सरकार, नगर निगम में फिर खिलेगा कमल: जयराम ठाकुर
अनिल शर्मा, अनंत ज्ञान ब्यूरो। मंडी
‘छोटी काशी’ के नाम से प्रसिद्ध मंडी नगर निगम चुनावों का राजनीतिक तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि मंडी के साथ किए जा रहे “सौतेले व्यवहार” का जवाब जनता नगर निगम चुनाव में देगी और भाजपा एक बार फिर नगर निगम में कमल खिलाने जा रही है।
चुनाव प्रचार अभियान के दौरान वार्ड नंबर-6 सन्यारड़, वार्ड नंबर-9 पैलेस कॉलोनी-2, वार्ड नंबर-10 सुहड़ा और वार्ड नंबर-8 पैलेस कॉलोनी-1 में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि सत्ता परिवर्तन के बाद प्रदेश सरकार ने योजनाबद्ध तरीके से मंडी के विकास कार्यों को रोकने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस मंडी ने प्रदेश को नेतृत्व दिया, उसी शहर की प्राथमिकताओं और विकास योजनाओं को चुन-चुनकर खत्म किया जा रहा है।
मीडिया से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी की जनता सब देख रही है और कांग्रेस सरकार को इस “तिरस्कार” की राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा इस बार नगर निगम मंडी में पहले से अधिक सीटों के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
मुख्यमंत्री की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यशैली पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार बिना ठोस आधार के फैसले लेती है और बाद में दबाव या विरोध के चलते उन्हें वापस ले लेती है। जयराम ठाकुर ने कहा कि “बिना सिर-पैर के फैसले लेना और फिर उन पर टिक न पाना सुक्खू सरकार की पहचान बन गई है, जिससे शासन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।”
हालांकि उन्होंने प्रदेश में चिट्टा और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर भाजपा सरकार के साथ खड़ी है, लेकिन सरकार को अपनी नीति और कार्रवाई में अधिक स्पष्टता और दृढ़ता दिखानी चाहिए।
शिवधाम प्रोजेक्ट रोकने का लगाया आरोप
पर्यटन और धार्मिक विकास के मुद्दे पर बोलते हुए जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्वदेशी पर्यटन” को बढ़ावा देने वाले संदेश का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और इससे प्रदेश के अनछुए पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिलेगी।
इस दौरान उन्होंने मंडी के महत्वाकांक्षी “शिवधाम” प्रोजेक्ट का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक द्वेष के चलते इस परियोजना का काम रोक दिया। उन्होंने कहा कि यदि शिवधाम परियोजना पूरी होती तो मंडी धार्मिक पर्यटन के वैश्विक नक्शे पर और अधिक मजबूती से उभरता तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलता।
भाजपा में शामिल हुए मुस्लिम समुदाय के लोग
चुनावी प्रचार के दौरान भाजपा को उस समय राजनीतिक बढ़त मिली जब मुस्लिम समुदाय के करीब 20 लोगों ने कांग्रेस और अन्य दलों का साथ छोड़ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। जयराम ठाकुर ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।
इस दौरान उन्होंने भगवाहन, मंगवाई, समखेतर, सनयार्ड, पैलेस-1 और पैलेस-2 सहित कई वार्डों में जनसंपर्क अभियान चलाया और भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की। जयराम ठाकुर ने कहा, “पिछले चुनाव में भाजपा ने 15 में से 11 सीटों पर जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार जनता का उत्साह बता रहा है कि भाजपा का प्रदर्शन पहले से भी बेहतर होगा।”
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






