चलसाई बीट में जंगल में लगी आग से लाखों रुपए की वन्य संपत्ति राख
बिझड़ी वन परिक्षेत्र के चलसाई बीट में बाद दोपहर अचानक आग लगने से अंबोटा के बीच जंगल का बड़ा हिस्सा जलकर राख हो गया। इस घटना से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। बताते चलें कि आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते जंगल के चारों तरफ फैल गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि ग्रामीण समय पर सक्रिय न होते तो आग और भी विकराल रूप धारण कर सकती थी, जिससे और अधिक क्षति होने की आशंका थी। आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग बिझड़ी भी मौका पर पहुंचा और आग को साथ लगते घरों की तरफ जाने से रोका जिसके चलते लोगों ने राहत की सांस ली। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि आग किसी शरारती तत्व द्वारा लगाई गई है, वन विभाग को जिस पर कड़ा संज्ञान लेना चाहिए। इस संदर्भ में जब वन रक्षक संजीव कुमार से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि चलसाई बीट के अंतर्गत जंगल में किसी शरारती तत्व द्वारा आग लगा दी गई, जिस पर ग्रामीणों और अग्निश्मन विभाग की मदद से काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन काफी हद तक वन संपदा को नुकसान पहुंचा है।












