सैनिक स्कूल में हॉकी टूर्नामेंट का आगा
अखिल भारतीय सैनिक स्कूल हॉकी टूर्नामेंट- 2025 (ग्रुप- ए) का शुभारंभ ऐतिहासिक चौगान मैदान, सुजानपुर टिहरा में बड़े ही उत्साह और जोश के साथ हुआ। इस खेल महोत्सव के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विवेक शर्मा, विधायक, कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र, जिला ऊना, हिमाचल प्रदेश उपस्थित रहे। सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा की प्राचार्या ग्रुप कैप्टन रचना जोशी, प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल राजिंदर सिंह, उप-प्राचार्य कमांडर अक्षय साहू एवं स्कूल के अन्य स्टाफ सदस्यों ने मुख्य अतिथि का विद्यालय पहुंचने पर स्वागत किया। समारोह की शुरुआत विभिन्न प्रतिभागी स्कूलों की टुकडिय़ों द्वारा भव्य मार्चपास्ट एवं स्कूल बैंड की आकर्षक प्रस्तुति के साथ हुई। मुख्य अतिथि ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि सैनिक स्कूल हमारे देश के रक्षा बलों के लिए कैडेट्स को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से यह उल्लेख किया कि सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा की एक गौरवशाली परंपरा रही है कि यह स्कूल नेशनल डिफेंस एकेडमी (हृष्ठ्र) को बड़ी संख्या में कैडेट्स भेजता रहा है। उन्होंने आगे कहा कि खेल हमारे शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, एवं सच्ची खेल भावना जैसे मूल्य भी विकसित करते हैं। अत: सभी कैडेट्स को खेलों में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। उद्घाटन समारोह के बाद अब तक चार हॉकी मैच खेले जा चुके हैं। अंडर-17, लड़कों के वर्ग में, सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा ने सैनिक स्कूल कुंजपुरा को 3-1 से पराजित किया, जबकि -15, लड़कों के वर्ग में, सैनिक स्कूल कुंजपुरा ने वुड्स पार्क सैनिक स्कूल को 1-0 से हराया। अन्य दो मुकाबलों में अंडर-15, लड़कों के वर्ग में, सैनिक स्कूल कपूरथला ने सैनिक स्कूल नगरोटा को 2-0 से पराजित किया तथा अंडर-17, लड़कियों के वर्ग में, सैनिक स्कूल नगरोटा और सैनिक स्कूल कुंजपुरा के बीच मुकाबला 0-0 से बराबरी पर रहा। यहां यह उल्लेख करना अत्यंत महत्वपूर्ण है कि सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा पहली बार 'अखिल भारतीय सैनिक स्कूल हॉकी टूर्नामेंट ग्रुप- ए' की मेजबानी कर रहा है, जिसमें कुल पांच सैनिक स्कूल भाग ले रहे हैं। सैनिक स्कूल नगरोटा (जम्मू-कश्मीर), सैनिक स्कूल कपूरथला (पंजाब), सैनिक स्कूल कुंजपुरा (हरियाणा), वुड्स पार्क सैनिक स्कूल, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश) तथा मेज़बान विद्यालय सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा (हिमाचल प्रदेश)। यह भी गौरतलब है कि इस वर्ष पहली बार बालिका कैडेट्स भी इस हॉकी टूर्नामेंट में भाग ले रही हैं, जो कि एक सराहनीय पहल है












