हिमाचल में 2027 में होगा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण, जनगणना के बाद शुरू होगी SIR प्रक्रिया
हिमाचल प्रदेश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अब वर्ष 2027 में कराया जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल जनगणना का कार्य जारी है, इसलिए जनगणना और SIR जैसी दो बड़ी प्रक्रियाओं को एक साथ संचालित करना व्यावहारिक नहीं है।
उन्होंने कहा कि जनगणना पूरी होने के बाद ही मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण पर फैसला लिया जाएगा। वहीं, सर्दियों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात के कारण भी इस प्रक्रिया को पूरा करना चुनौतीपूर्ण रहता है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग मतदाता सूची को सटीक, अद्यतन और पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। हिमाचल जैसे पर्वतीय राज्य में मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ही चुनावी प्रक्रियाओं की समयसीमा तय की जाएगी।






