भोरंज के रणवीर ने ताइवान में लहराया भारत का परचम
उपमंडल भोरंज की धरती ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। भोरंज के गांव भुक्कड़ के निवासी रणवीर ठाकुर ने ताइवान के ताइपे शहर में 17 से 30 मई 2025 तक आयोजित विश्व मास्टर गेम्स में 50 प्लस आयु वर्ग के कराटे इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया। रणवीर ठाकुर ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बलबूते इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लिया। विश्व मास्टर गेम्स, जो ओलंपिक की तर्ज पर वरिष्ठ खिलाडिय़ों के लिए आयोजित किया जाता है, इसमें दुनिया भर के हज़ारों अनुभवी एथलीटों ने भाग लिया। 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के कराटे इवेंट में रणवीर ठाकुर ने उत्कृष्ट तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। रणवीर ठाकुर की स्वर्णिम जीत की खबर मिलते ही उनके गांव भुक्कड़ में खुशी की लहर दौड़ गई। गांववासियों, परिजनों और स्थानीय युवाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रणवीर ठाकुर ने कहा, यह पदक मेरे देश, राज्य और मेरे गांव के नाम है। मैंने वर्षों तक मेहनत की है और आज उसका फल मिला है। मेरी कामना है कि हमारे युवा भी खेलों के प्रति रुचि लें और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का नाम ऊंचा करें। रणवीर ठाकुर की यह जीत न केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए एक प्रेरणास्रोत भी है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि उम्र केवल एक संख्या है, अगर लगन और मेहनत सच्ची हो तो किसी भी उम्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
युवाओं को प्रेरणा
उपमंडल भोरंज के अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और भोरंज विधायक सुरेश कुमार ने रणवीर ठाकुर को इस उपलब्धि पर बधाई दी और भविष्य में भी उन्हें हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। जिला खेल अधिकारी ने उन्हें खेल प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत विशेष स्मान देने की घोषणा की है। रणवीर की यह ऐतिहासिक जीत न केवल भोरंज या हिमाचल के लिए, बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह दिखा दिया कि समर्पण, अनुशासन और परिश्रम से किसी भी स्तर पर सफलता प्राप्त की जा सकती है। आने वाले समय में वे निस्संदेह और भी युवाओं को प्रेरित करेंगे।












