हिमाचल में मानसून का तांडव: कई जिलों में पहाड़ दरके, फ्लैश फ्लड और उफनती नदियों से बढ़ा संकट
शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले दो दिनों से जारी भारी बारिश ने कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, सिरमौर और शिमला सहित कई क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। कई सड़कें बंद होने से संपर्क व्यवस्था प्रभावित हुई है, जबकि नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को छह जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार ऊना, चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर और सिरमौर में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। वहीं शिमला, मंडी, कुल्लू और सोलन में भी कई स्थानों पर तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
बिलासपुर-सोलन सीमा पर फिर दरका पहाड़
नौणी-शिमला फोरलेन परियोजना के तहत बिलासपुर-सोलन सीमा पर एक बार फिर पहाड़ का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों ने फोरलेन निर्माण के दौरान पहाड़ों की अत्यधिक कटिंग को इस तरह की घटनाओं की वजह बताया है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में ढलान कमजोर होने से लगातार भूस्खलन हो रहा है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
बताया जा रहा है कि इसी स्थान पर पहले भी दो बार पहाड़ दरक चुका है। एक घटना में सड़क करीब आठ घंटे तक बंद रही थी। ताजा भूस्खलन के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि बाद में मार्ग को बहाल कर दिया गया।
शिमला में पेड़ गिरा, राजीव भवन के पास पत्थर गिरने से अलर्ट
राजधानी शिमला में लगातार बारिश के चलते ओल्ड बैरियर के पास एक भवन पर पेड़ गिर गया, जिससे संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा। वहीं राजीव भवन (लिफ्ट) के सामने पहाड़ी से छोटे-छोटे पत्थर गिरने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।
एसपी गौरव सिंह ने बताया कि फिलहाल यातायात सामान्य है, लेकिन वाहन चालकों से सावधानी बरतने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
उफनती रावी नदी में चट्टान पर फंसा व्यक्ति, दमकल टीम ने बचाई जान
चंबा जिले में लगातार बारिश के कारण रावी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसी दौरान मानसिक रूप से अस्वस्थ एक व्यक्ति नदी किनारे टहलते-टहलते बीच धारा में स्थित चट्टान पर पहुंच गया और बढ़ते जलस्तर के कारण वहीं फंस गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। चंबा के उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने रेस्क्यू की पुष्टि करते हुए लोगों से बरसात के दौरान नदी-नालों से दूर रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के आसपास न जाने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ घंटों तक कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा बना रहेगा।






