महिला सुरक्षा से स्मार्ट ट्रैफिक तक भाजपा का मास्टर प्लान, मंडी नगर निगम चुनाव में विकास पर फोकस
महिला सुरक्षा, स्मार्ट ट्रैफिक, पार्किंग और पर्यटन विकास पर फोकस, भाजपा बोली- मंडी को बनाएंगे आधुनिक और व्यवस्थित शहर
अनिल शर्मा, अनंत ज्ञान ब्यूरो। मंडी
भारतीय जनता पार्टी ने मंडी नगर निगम चुनावों के लिए अपना विजन डॉक्यूमेंट जारी करते हुए शहर के समग्र विकास का रोडमैप जनता के सामने रखा है। भाजपा नेता एवं विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि यह केवल चुनावी घोषणाओं का संकल्प पत्र नहीं, बल्कि आने वाले पांच वर्षों में मंडी शहर को आधुनिक, सुरक्षित, व्यवस्थित और पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की ठोस कार्ययोजना है। भाजपा का लक्ष्य मंडी को “शिव नगरी” के रूप में राष्ट्रीय पहचान दिलाना है।
मंडी नगर निगम भाजपा संकल्प पत्र के प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम में विधायक इंद्र सिंह गांधी, भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, जिला अध्यक्ष निहाल चंद, पूर्व महापौर वीरेंद्र भट्ट और मीडिया प्रभारी राकेश वालिया भी मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि पार्टी का विजन शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान के साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
अनिल शर्मा ने कहा कि मंडी नगर निगम का गठन भाजपा सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रयासों का परिणाम था। उन्होंने कहा कि उस समय जनसंख्या मानकों में राहत देकर मंडी को नगर निगम का दर्जा दिलाया गया और बल्ह, द्रंग तथा मंडी सदर विधानसभा क्षेत्रों के शहरी एवं कुछ ग्रामीण इलाकों को जोड़कर निगम का स्वरूप तैयार किया गया।
उन्होंने कहा कि पहले नगर निगम चुनावों में भाजपा ने 15 में से 11 सीटें जीतकर महापौर और उपमहापौर दोनों पदों पर कब्जा किया था, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद नगर निगम के विकास कार्यों की रफ्तार धीमी पड़ गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने निगम को पर्याप्त स्टाफ और संसाधन उपलब्ध नहीं करवाए, जिससे विकास परियोजनाएं प्रभावित हुईं।
भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी सरकार के कार्यकाल में मंडी शहर में इंदिरा मार्केट निर्माण, सीवरेज नेटवर्क विस्तार, ओहल पेयजल योजना, सड़क चौड़ीकरण और पार्किंग निर्माण जैसे ऐतिहासिक कार्य किए गए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 की प्राकृतिक आपदा के बाद शहर की जलापूर्ति और सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 138 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति दिलाई गई।
उन्होंने कहा कि भविष्य में बिजली संकट और ब्लैकआउट जैसी समस्याओं से बचाने के लिए धर्मपुर से मंडी तक अलग ग्रिड आधारित 132 केवी सब स्टेशन लाइन विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
भाजपा के विजन डॉक्यूमेंट में महिला सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, पर्यटन, सफाई व्यवस्था, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए कई योजनाओं को शामिल किया गया है। पार्टी ने शहर में AI आधारित हाई-रेजोल्यूशन CCTV नेटवर्क, स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, महिला सुरक्षा तंत्र, पिंक टॉयलेट, आपदा प्रबंधन और अर्ली वार्निंग सिस्टम स्थापित करने का वादा किया है।
अनिल शर्मा ने कहा कि भाजपा मंडी को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करेगी। शिवधाम परियोजना, रिवर फ्रंट डेवलपमेंट, हाई-स्पीड एलिवेटर और विरासत संरक्षण योजनाओं के जरिए मंडी को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए बाईपास निर्माण, इंटरसेप्ट पार्किंग हब और बहुमंजिला पार्किंग परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। स्कूल बाजार सहित कई क्षेत्रों में नई पार्किंग सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि नगर निगम में तकनीकी कर्मचारियों, जूनियर इंजीनियरों और सुपरवाइजरों की भारी कमी के कारण विकास कार्य प्रभावित हुए हैं और केंद्र सरकार की कई योजनाओं का पूरा लाभ शहर को नहीं मिल पाया।
भाजपा ने मंडी नगर निगम के लिए 105 करोड़ रुपये की अर्बन चैलेंज फंड परियोजना का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने का दावा भी किया। इस परियोजना में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम और आधुनिक शहरी प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने की योजना शामिल है।
इसके अलावा भाजपा ने युवाओं के लिए मुफ्त हाई-स्पीड वाई-फाई, आधुनिक पुस्तकालय, कौशल विकास मेले, स्वच्छ मंडी अभियान, डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन, प्लास्टिक रीसाइक्लिंग और वरिष्ठ नागरिक सुविधाओं जैसे वादे भी किए हैं।
अनिल शर्मा ने कहा कि भाजपा केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि धरातल पर काम करके दिखाती है। उन्होंने कहा कि इंदिरा मार्केट से लेकर चौहट्टा सौंदर्यीकरण तक भाजपा सरकार की विकासात्मक सोच आज भी मंडी शहर की पहचान बनी हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास और विजन की राजनीति पर भरोसा जताते हुए नगर निगम चुनावों में भाजपा को दोबारा सत्ता सौंपेगी।






