भारत-अफगानिस्तान वनडे के लिए टिकट बिक्री शुरू, 2000 रुपये वाली टिकट के लिए मची होड़
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) के धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में 13 जून को होने वाले भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मैच के लिए टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू होते ही फैंस टिकट बुक करने में जुट गए हैं।
टिकट District ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध हैं। सबसे कम कीमत वाली 2,000 रुपये की टिकट को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में सबसे अधिक उत्साह देखा जा रहा है। इसके अलावा 4,500 रुपये, 6,500 रुपये, 10,000 रुपये और 12,500 रुपये तक की टिकटें भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। क्लब लॉज-पवेलियन श्रेणी के 12,500 रुपये वाले टिकटों की भी अच्छी मांग है और इनमें से बड़ी संख्या में टिकट बिक चुके हैं।
एचपीसीए ने स्पष्ट किया है कि इस बार स्टेडियम के बाहर कोई ऑफलाइन टिकट काउंटर नहीं लगाया जाएगा। सभी टिकट केवल ऑनलाइन माध्यम से ही खरीदे जा सकेंगे।
मैच के दिन 13 जून को सुबह 10:30 बजे स्टेडियम के प्रवेश द्वार खोल दिए जाएंगे, जबकि मुकाबला दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा। हिमालय की वादियों के बीच स्थित विश्व प्रसिद्ध धर्मशाला स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।






