कुलदीप पठानिया ने किया राजकीय उच्च विद्यालय समत्तर का लोकार्पण, कहा- सीमावर्ती क्षेत्रों में मजबूत प्रशासनिक ढांचा होगा तैयार
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भटियात विधानसभा क्षेत्र के सीमावर्ती ग्राम तारागढ़ पंचायत में नव स्तरोन्नत राजकीय उच्च विद्यालय समत्तर का विधिवत लोकार्पण कर शिक्षा और विकास के नए अध्याय की शुरुआत की। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्ता-युक्त शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है। रिक्त शिक्षकों के पदों को शीघ्र भरा जा रहा है और दुर्गम क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को गेस्ट टीचर के रूप में नियुक्त करने पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हो सके। उन्होंने समत्तर क्षेत्र के गांवों को मिलाकर नई ग्राम पंचायत के गठन का भी ऐलान किया और कहा कि पंचायतें विकास की आधारशिला होती हैं, इसलिए सीमावर्ती क्षेत्रों को संगठित कर एक मजबूत प्रशासनिक ढांचा तैयार किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन की मांग पर अतिरिक्त भवन निर्माण और सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आश्वासन भी उन्होंने दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्र में सड़क संपर्क विस्तार की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला, विशेषकर ककीरा-कटलू संपर्क मार्ग पर 6 करोड़ की राशि व्यय किए जाने की जानकारी दी। कार्यक्रम में ककीरा और समत्तर स्कूल के विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अध्यक्ष ने दोनों स्कूलों को सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु 21,000-21,000 की धनराशि देने की घोषणा की। स्थानीय जनता की समस्याएं भी सुनीं और अधिकांश का समाधान मौके पर ही किया, जिससे क्षेत्रीय जनता में संतोष और उत्साह का माहौल बना। कार्यक्रम में वन निगम निदेशक मंडल सदस्य चेला कृष्ण चंद, स्वामी हरी गिरी चैरिटेबल ट्रस्ट के सदस्य तरुण मल्होत्रा, एसडीएम पारस अग्रवाल, डीएसपी योगेश्वर कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।