फतेहपुर में BDC चुनाव से पहले सियासी बवाल, महिला सदस्य ने लगाया दबाव और धमकी का आरोप
कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों के बाद अब पंचायत समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच जिला कांगड़ा के फतेहपुर विकास खंड में बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव से पहले विवाद खड़ा हो गया है।
नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्य अनु बाला ने आरोप लगाया है कि उन्हें पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में एक विशेष पक्ष के उम्मीदवार के समर्थन में मतदान करने के लिए दबाव बनाया गया। शिकायत के अनुसार, दबाव मानने से इनकार करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उन्हें कथित तौर पर धमकाया भी गया।
भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में वोट मांगने का आरोप
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, भटोली पकवां निवासी एवं नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्य अनु बाला ने आरोप लगाया है कि 12 जून की शाम नरनूह निवासी हरप्रीत संधू और रैहन निवासी नवजोत उनके घर पहुंचे। वहां उन्होंने पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के लिए दबाव बनाया।
अनु बाला का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी स्वतंत्र इच्छा से मतदान करने की बात कही, तो उनके साथ अनुचित व्यवहार किया गया और राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश की गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
महिला सदस्य की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना फतेहपुर में मामला दर्ज कर लिया गया है। शिकायत में मतदान को प्रभावित करने, राजनीतिक दबाव बनाने, धमकाने तथा महिला सम्मान को ठेस पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। वहीं, चुनाव से ठीक पहले सामने आए इस विवाद ने फतेहपुर की राजनीति को गर्मा दिया है।






