हिमाचल में फिर चिह्नित होंगे सड़कों के ब्लैक स्पॉट, हादसे रोकने के लिए संयुक्त टीम करेगी निरीक्षण
हिमाचल प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए सरकार ने दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की दोबारा पहचान करने का निर्णय लिया है। लोक निर्माण विभाग, पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम प्रदेशभर में उन स्थानों का निरीक्षण करेगी, जहां बार-बार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं।
निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर ब्लैक स्पॉट पर क्रैश बैरियर, पैरापिट, चेतावनी संकेतक, सड़क चौड़ीकरण, बेहतर रोड मार्किंग समेत अन्य सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। इन कार्यों के लिए रोड सेफ्टी फंड से बजट भी उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रारंभिक समीक्षा में शिमला, कांगड़ा, चंबा और सिरमौर जिले सबसे अधिक दुर्घटना संभावित पाए गए हैं। कई स्थानों पर तीखे मोड़, खराब दृश्यता, सुरक्षा अवसंरचना की कमी और तेज रफ्तार सड़क हादसों की बड़ी वजह बन रहे हैं।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश की सड़कों को सुरक्षित बनाने और सड़क हादसों में कमी लाने के उद्देश्य से ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय रहते आवश्यक सुधार कार्य कर जनहानि को रोका जा सके।






