लडभड़ोल बाजार में चोरों ने दो दुकानों के ताले तोड़े, लाखों के सामान और नकदी पर किया हाथ साफ
अनंत ज्ञान, अंकित कुमार। जोगिंद्रनगर
लडभड़ोल बाजार में अज्ञात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाते हुए नकदी और लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने एक कॉस्मेटिक शॉप और एक गिफ्ट सेंटर में सेंधमारी की। कॉस्मेटिक दुकान के मालिक शिवम ने बताया कि वह पारिवारिक कारणों से शहर से बाहर थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने दुकान के शटर का बाहरी कुंडा काटा और अंदर प्रवेश कर लिया।
चोर गल्ले में रखी नकदी, कीमती हार तथा सामान से भरा एक बड़ा कार्टन चोरी कर ले गए। वहीं दूसरी ओर, बाजार स्थित एक गिफ्ट सेंटर को भी चोरों ने निशाना बनाया। दुकान मालिक मुनीश कुमार ने बताया कि सुबह दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर से गल्ले में रखी नकदी के साथ उनके जरूरी व्यक्तिगत दस्तावेज भी गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही लडभड़ोल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर दुकानदारों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय व्यापारियों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर जल्द अंकुश लगाने की मांग उठाई है।






