हिमाचल में नहीं थम रहा 'सफेद जहर' का कारोबार, नूरपुर में 4.24 ग्राम चिट्टे संग 4 युवक गिरफ्तार
धर्मशाला। नूरपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे नियमित चैकिंग अभियान के तहत चार युवकों को चिट्टे (हैरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान आरोपियों के कब्जे से नशीला पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक आल्टो कार भी बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह पुलिस टीम चक्की पुल कंडवाल के पास नाकाबंदी और चैकिंग पर थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक काले रंग की ऑल्टो कार नंबर एचपी73ए-1965 को जांच के लिए रोका गया। कार की तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके भीतर से 4.24 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया।
इस मामले में पकड़े गए चारों आरोपी जिला चंबा के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान दरवेश नाथ पुत्र महिंद्र, निवासी गांव चुकरासा, डाकघर रारी, तहसील व जिला चम्बा, कमलेश कुमार पुत्र रंजीत सिंह, निवासी करियां, तहसील व जिला चम्बा, नितिन सिंह पुत्र कपूर सिंह, निवासी गांव गुरार, डाकघर राख, तहसील व जिला चंबा तथा विकास कुमार पुत्र राज कुमार, निवासी करियां, तहसील व जिला चंबा के रूप में हुई है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने कहा कि इस मामले में पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ और वाहन को कब्जे में लेकर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच की जा रही है।






