हिमाचल सरकार का बड़ा यू-टर्न: 12 सरकारी स्कूलों का विलय रद्द, सीनियर सेकेंडरी और हाई स्कूलों का मूल दर्जा बहाल
हिमाचल प्रदेश सरकार ने 12 सरकारी स्कूलों के विलय और उनका दर्जा घटाने का फैसला वापस ले लिया है। अब सभी प्रभावित स्कूल पहले की तरह ही संचालित होंगे। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
कांगड़ा के पालमपुर में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का विलय निरस्त कर दिया गया है। इनमें एक स्कूल पहले की तरह सीबीएसई और दूसरा हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत संचालित होगा। वहीं, मंडी के भंगरोटू में पीएम श्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का विलय भी रद्द कर दिया गया है।
सरकार ने जिन वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों का दर्जा घटाया था, उन्हें भी दोबारा मूल दर्जा देने का फैसला लिया है। इसके अलावा जिन हाई स्कूलों को मिडिल स्कूल बनाया गया था, उनकी अधिसूचना भी प्रभावहीन कर दी गई है। सरकार के इस फैसले से छात्रों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है।






