पनीर में नमक ज्यादा होने पर बवाल! कैफे में चली गोली, पिस्टल की नोक पर बंधक बनाने के आरोप
पालमपुर (कांगड़ा): भवारना के समीप मनसिंबल पंचायत स्थित एक कैफे में शनिवार देर रात मामूली विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब होटल परिसर में कथित तौर पर फायरिंग होने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान रेस्टोरेंट में मौजूद लोग दहशत में बाहर की ओर भागने लगे। राहत की बात यह रही कि इस गोलीकांड में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
पुलिस को दी शिकायत में आशीष नामक युवक ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ कैफे में खाना खाने गया था। इस दौरान परोसे गए पनीर में अधिक नमक होने की शिकायत करने पर होटल संचालक पदम देव भड़क गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि होटल मालिक ने उसके और उसके दोस्त पारस के साथ मारपीट की, थप्पड़ मारे और गले से चेन छीन ली। इतना ही नहीं, घटना का वीडियो बनाने पर उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया तथा होटल के गेट बंद कर दिए गए।
पिस्टल लेकर पहुंचा रिश्तेदार, फायरिंग के आरोप
शिकायत के अनुसार कुछ देर बाद होटल मालिक का रिश्तेदार अतुल सिंह पिस्टल लेकर मौके पर पहुंचा। आरोप है कि उसने होटल परिसर में गोलियां चलाईं, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
पीड़ित युवक ने आरोप लगाया कि इसी दौरान उसे पिस्टल की नोक पर जबरन रोका गया और उसके मुंह में पिस्टल डालकर धमकाया गया। शिकायत में कहा गया है कि उसके सिर पर पिस्टल तानकर आलोक ठाकुर, पदम देव और अतुल सिंह ने उसके साथ मारपीट की। जब उसका दोस्त पंकज उसे बचाने पहुंचा तो उसे भी कथित तौर पर बंधक बनाकर पीटा गया और पिस्टल से वार किए गए।
CCTV फुटेज डिलीट करने का भी आरोप
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला परिषद सदस्य संजीव सैनी ने पुलिस को सूचना दी। भवारना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। सभी संबंधित पक्षों को थाना लाकर घायलों का मेडिकल परीक्षण करवाया गया।
मामले में एक और गंभीर आरोप सामने आया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि घटना के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से होटल की सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर दी गई। पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है।
एक्सपायर्ड लाइसेंस वाली पिस्टल बरामद
भवारना थाना प्रभारी गुरदेव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके से एक पिस्टल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिस्टल का लाइसेंस भी एक्सपायर हो चुका था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी आरोपों की विस्तार से जांच की जा रही है।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित होटल में पहले भी विवाद और हंगामे की घटनाएं सामने आती रही हैं। गौरतलब है कि प्रदेश में एक ही दिन के भीतर यह दूसरी बड़ी गोलीबारी की घटना है। इससे पहले शिमला के संजौली क्षेत्र में एक स्कूल संचालिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।






