भाजपा के खिलाफ मैदान में उतरेगी कांग्रेस, ब्लॉक स्तर पर होगा विरोध प्रदर्शन
शिमला: हिमाचल कांग्रेस ने नीट पेपर लीक और कथित दान चोरी के मुद्दे पर अब ब्लॉक स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि पहले चरण में जिला स्तर पर हुए प्रदर्शन सफल रहे हैं और अब दूसरे चरण में पार्टी पूरे प्रदेश के ब्लॉकों में आंदोलन करेगी।
उन्होंने भाजपा पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी नीट और अन्य पेपर लीक मामलों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। साथ ही राम मंदिर दान से जुड़े कथित मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के नाम सार्वजनिक करने की मांग की।
विनय कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी इस मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और मंदिर निर्माण से अब तक मिले चंदे व खर्च का पूरा ऑडिट देश के सामने रखा जाना चाहिए।






