आतंक के खिलाफ भारत देगा करारा जवाब: पठानिया
भाजपा हिमाचल प्रदेश द्वारा संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की स्मृति में आयोजित सम्मान सभा का आयोजन चंबा स्थित बचत भवन में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री (वन, खेल एवं युवा मामलों के) राकेश पठानिया मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मंच पर डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर, भरमौर-पांगी के वर्तमान विधायक डॉ. जनकराज, पूर्व एससी/एसटी राज्य अध्यक्ष अधिवक्ता जय सिंह, एवं भाजपा के अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। चंबा जिला के भाजपा अध्यक्ष धीरज नरयाल ने बताया कि यह कार्यक्रम पूरे प्रदेश में 14 अप्रैल से चल रहा था और शुक्रवार को इसकी समापन तिथि थी। हर जिले में इस तरह की सभाएं आयोजित की गईं, जिनका मुख्य उद्देश्य बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और एससी समाज के योगदान को सम्मानित करना है। राकेश पठानिया ने अपने भाषण में कहा कि आज हमने एससी समाज के सेवानिवृत्त डॉक्टरों, सेना के जवानों व वन विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारियों को सम्मानित किया। यह अभियान समाज को जोडऩे और कांग्रेस द्वारा फैलाए गए भ्रम को मिटाने का कार्य करेगा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने प्रचारित किया कि भाजपा सत्ता में आई तो आरक्षण खत्म हो जाएगा। यह पूरी तरह से झूठ है। सच्चाई तो यह है कि कांग्रेस ने कभी डॉ. भीमराव अंबेडकर को उनकी काबिलियत के बावजूद अपने मंत्रिमंडल में स्थान नहीं दिया था। पठानिया ने पहालगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान जैसे छोटे देश भारत को आंख दिखाने की कोशिश कर रहा हैं। जैसे ही भारत ने सिंधु जल संधि पर पुनर्विचार की बात की, पाकिस्तान ने शिमला समझौते को खारिज करने की बात छेड़ी। यह दर्शाता है कि भारत का रुख अब निर्णायक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की रैली में स्पष्ट कहा है कि एक-एक आतंकी को ढूंढढूंढकर मारा जाएगा और उनके सरगनाओं को भी नहीं बख्शा जाएगा। पूरा देश इस जवाबी कार्रवाई की प्रतीक्षा में है और हमें पूरा विश्वास है कि मोदी के नेतृत्व में हम पूरी तरह सुरक्षित हैं। यह सम्मान सभा न केवल सामाजिक चेतना को जगाने का माध्यम बनी, बल्कि यह भी दर्शाया कि भाजपा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का संकल्प रखती है।