सीएम सुक्खू ने देहरा में 100 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को कांगड़ा जिले के देहरा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 100 करोड़ रुपए की छह विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने देहरा में 4.96 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरिपुर का लोकार्पण करने के अलावा दुर्गेश अरण्य-प्राणी उद्यान में 47.62 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले अस्पताल, खाद्य आयुक्तालय व क्वारंटीन के प्रशासनिक व डायग्नोस्टिक ब्लॉक तथा बनखंडी (तहसील हरिपुर में सीरा दा भरोह) में अंतरराष्ट्रीय चिडिय़ाघर के लिए 16.25 करोड़ की लागत से बनने वाली उठाऊ जलापूर्ति योजना, 12.87 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली हरिपुर से सकरी घेरा सड़क, 12.99 करोड़ की लागत से बनने वाली थाथर त्रिपाल से मेहवा पंचायत तक सड़क, 6.64 करोड़ की लागत से गुलेर से नंदपुर बरियाल लुदरेट सड़क का उन्नयन कार्य 10.29 करोड़, बनखंडी में 619 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का दुर्गेश अरण्य प्राणी उद्यान बनाया जा रहा है। पहले चरण में 43 बार्डों के निर्माण पर 150 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। चारदीवारी का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
सीएम ने 89 पौंग डैम विस्थापितों को प्रदान किए भूमि के कागजात
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को जिला कांगड़ा के देहरा विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर में कार्यक्रम के दौरान 89 पौंग डैम स्थापितों को भूमि आवंटन के प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के समक्ष स्थानीय विधायक ने पौंग डैम विस्थापितों के मामले की पुरजोर वकालत की। यह परिवार गत 50 वर्षों से विस्थापन का दंश झेल रहे हैं और उन्हें अपने दस्तावेज प्राप्त करने के लिए संघर्ष करना पड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अब उन्हें उनका अधिकार प्रदान कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शेष विस्थापित परिवारों को भी निकट भविष्य में भूमि आवंटित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक परिवार को गृह निर्माण के लिए 3 लाख रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।












