रोटरी क्लब लाएगा सरकारी स्कूलों में डिजिटल क्रांति
परमार्थ कार्यों में निरंतर योगदान दे रहा रोटरी क्लब अब शिक्षा के क्षेत्र में भी डिजिटल बदलाव की ओर कदम बढ़ा रहा है। शहरी और ग्रामीण सरकारी स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं के संचालन के लिए अंतरराष्ट्रीय रोटरी क्लब ने एक और प्रोजेक्ट को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। अनुमानित एक लाख रुपए की लागत से शुरू होने वाले इस ई-लर्निंग प्रोजेक्ट की संभावनाएं हाल ही में राजकीय बाल पाठशाला जोगिंद्रनगर में तलाशी गईं। इस अवसर पर रोटरी क्लब के वरिष्ठ सदस्य, स्कूल प्रबंधन और आईटी शिक्षकों की मौजूदगी में पत्राचार की औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गईं।वरिष्ठ रोटेरियन अजय ठाकुर और सचिव अधिवक्ता रणजीत चौहान ने जानकारी दी कि इससे पहले लडभड़ोल क्षेत्र के भराड़पट्ट और जोगिंद्रनगर के ऐहजू की सरकारी पाठशालाओं में दो ई-लर्निंग प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक विकसित किए जा चुके हैं। अब शहरी क्षेत्रों के स्कूलों में भी इस योजना को धरातल पर उतारा जाएगा ताकि आधुनिक डिजिटल शिक्षा विद्यार्थियों के लिए और अधिक सरल व प्रभावी हो सके। रोटरी क्लब जोगिंद्रनगर के अध्यक्ष डॉ. चंद्रभूषण शर्मा ने बताया कि क्लब का लक्ष्य है कि उपमंडल के अधिक से अधिक सरकारी स्कूलों तक डिजिटल शिक्षा की सुविधाएं पहुंचाई जाएं, जिससे विद्यार्थियों के सीखने की प्रक्रिया में सुधार लाया जा सके।












