नाबार्ड को भेजी देवरीघाट-टिक्कर सड़क के लिए 9.66 करोड़ की परियोजना: रोहित
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल-कोटखाई-नावर विधानसभा क्षेत्र में दो भव्य खेल प्रतियोगिताओं के समापन समारोह में शिरकत कर क्षेत्र के चहुंमुखी विकास का खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने सड़क, पर्यटन और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का अनावरण किया। देवरीघाट में नवयुवक मंडल गुजान्दली द्वारा आयोजित जीपीएल सीजन 7 क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मंत्री ने खेलों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने घोषणा की कि टिक्कर-नावर क्षेत्र, जो कभी कच्ची सड़कों के लिए जाना जाता था, अब आधुनिक सड़कों का पर्याय बन रहा है। देवरीघाट-टिक्कर सड़क के लिए 9.66 करोड़ रुपये की लागत से नाबार्ड को परियोजना भेजी गई है। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए गिरी गंगा से कुप्पड़ तक रोपवे निर्माण का विस्तृत सर्वे जारी है। मंत्री ने नवयुवक मंडल को 50 हजार की प्रोत्साहन राशि भी भेंट की। अपनी गृह पंचायत धार में 8वीं शान ए धार जमींदार वॉलीबॉल प्रतियोगिता के समापन पर शिक्षा मंत्री भावुक हुए। उन्होंने युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने में खेल आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। धार पंचायत के सर्वांगीण विकास को हर संभव सहयोग देने का भी वादा किया।
पहाड़ गांव को आपदा में 75 लाख आवंटित
पहाड़ गांव में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई हेतु 75 लाख रुपये आवंटित किए गए, वहीं डाबरी रोड को भी प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाएगा। धार के नवयुवक मंडल को भी 50 हजार की वित्तीय सहायता मिली।
ये रहे मौजूद
इन महत्वपूर्ण आयोजनों में जिला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य मोतीलाल सिथता, युवा कांग्रेस मंडल अध्यक्ष दीपक कालटा, ग्राम पंचायत धार की प्रधान सुषमा सौटा, उपमंडल दंडाधिकारी गुरमीत नेगी और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।












