मुख्यमंत्री सुक्खू ने भड़ोली में लिया हालात का जायजा, प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश
लगातार हो रही बारिश से ब्यास नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इससे ज्वालामुखी-नादौन उपमंडलों के कई क्षेत्रों में संकट की स्थिति बन गई है। विशेष रूप से भड़ोली क्षेत्र में नदी पर बने पुल और आसपास के इलाकों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को भड़ोली के पास ब्यास नदी पर बने पुल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन से रिपोर्ट लेकर आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे लगातार प्रशासन के संपर्क में हैं और हालात पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे खराब मौसम को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतें और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार के लिए आम जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान आयुष मंत्री यादवेंद्र गोमा, डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा, एसपी शालिनी अग्निहोत्री सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।












