एनएसयूआई ने पंचायत स्तर पर शुरू किया 'युवान' कार्यक्रम
हिमाचल प्रदेश में युवाओं को जागरूक, संगठित और सशक्त बनाने के उद्देश्य से एनएसयूआई ने युवान, एक क्रांति, एक चुनौती नामक विशेष कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस महत्वाकांक्षी अभियान की शुरुआत बुधवार को हमीरपुर जिले से की गई, जिसमें एनएसयूआई हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष टोनी ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के तहत एनएसयूआई ने पंचायत स्तर पर युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करने, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता फैलाने तथा युवाओं को संगठनात्मक रूप से जोडऩे की मुहिम शुरू की है। इस अवसर पर टोनी ठाकुर ने कहा कि हिमाचल का युवा अब सिर्फ दर्शक नहीं, बल्कि बदलाव का वाहक बनेगा। 'युवान' अभियान का उद्देश्य है युवाओं की आवाज को पंचायत से संसद तक पहुंचाना और उन्हें नेतृत्व के लिए तैयार करना। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिला और ब्लॉक स्तर पर संगोष्ठियां, जागरूकता अभियान, युवा संवाद और सामाजिक कार्यों से जुड़े इवेंट आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर उनके साथ जिलाध्यक्ष शिवांशु धीमान सहित दर्जनों पदाधिकारी मौजूद रहे। एनएसयूआई का यह प्रयास प्रदेशभर के युवाओं को प्रेरित करेगा और उन्हें सकारात्मक दिशा में संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।












