बढ़वई वार्ड में रुके सड़क निर्माण कार्य को लेकर बैठक, विभाग ने शीघ्र कार्य शुरू करने का दिया आश्वासन
बख्तपुर पंचायत के बढ़वई वार्ड में लंबे समय से रुके सड़क निर्माण कार्य को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सामाजिक कार्यकर्ता देशराज शर्मा ने की। ग्रामीणों के साथ उन्होंने लाेक निर्माण विभाग के उच्चाधिकारियों से मुलाकात की। बैठक के दौरान देश राज शर्मा ने विभागीय अधिकारियों से सवाल किया कि सड़क निर्माण कार्य क्यों अधर में लटका हुआ है। इस पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने विस्तार से कारण बताए और स्पष्ट किया कि कुछ तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताओं के कारण कार्य में विलंब हुआ है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा।इस मौके पर बख्तपुर पंचायत के प्रधान उधम सिंह, पूर्व बीडीसी सदस्य बजर सिंह, वार्ड सदस्य काकू राम और विपिन कुमार भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस मुद्दे पर अपना सक्रिय सहयोग दिया। इस पहल के लिए स्थानीय लोगों ने उनका आभार जताया और उम्मीद जताई कि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू होकर वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।












