सुक्खू शिपकी ला से करेंगे 'सीमा पर्यटन' की शुरुआत, भारत-चीन सीमा से सटे खूबसूरत इलाकों का भ्रमण कर सकेंगे पर्यटक
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में 'सीमा पर्यटन' पहल का शुभारंभ करने जा रहे हैं। अपने आगामी दो दिवसीय किन्नौर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री शिपकी ला गांव से इस पहल की शुरुआत करेंगे। इसका उद्देश्य देशभर के पर्यटकों को किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में भारत-चीन सीमा से सटे खूबसूरत इलाकों का अनुभव करने का अवसर प्रदान करना है। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह पहल पर्यटकों को लेपचला, शिपकी ला ग्यू मठ, खाना दुमटी, सांगला, रानी कंडा, छितकुल और लाहौलस्पीति के चयनित क्षेत्रों तक पहुंचने की सुविधा देगी। इससे पर्यटक इन दूर-दराज के जनजातीय क्षेत्रों की संस्कृति और रहन-सहन से अवगत हो सकेंगे। राज्य सरकार के लगातार प्रयासों के बाद केंद्र सरकार से इस विषय पर सकारात्मक परिणाम मिले हैं, जिससे इन क्षेत्रों में पर्यटन और समावेशी विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
आईटीबीपी व सेना सुनिश्चित करेगी सुरक्षित आवागमन
इस पहल का लक्ष्य सीमावर्ती क्षेत्रों में सतत पर्यटन को बढ़ावा देना, राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करना और क्षेत्र की अनूठी जनजातीय विरासत को संरक्षित करना भी है। पहले इन क्षेत्रों में जाने के लिए विशेष अनुमति की आवश्यकता होती थी, लेकिन अब स्थानीय निवासी और प्रमाणित पर्यटक वैध पहचान पत्र दिखाकर इन स्थानों पर जा सकते हैं। आईटीबीपी और सेना सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करेंगी। यह कदम स्थानीय बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, आजीविका के अवसर बढ़ाएगा और दूरस्थ जनजातीय समुदायों में राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देगा।












