सुंदरनगर पुलिस टीम की नशे के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई, आरोपी से 408 ग्राम चरस बरामद, एफआईआर दर्ज
पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने बुधवार को चरस तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। ताजा घटनाक्रम में पुलिस टीम ने किरतपुर-मनाली फोरलेन पर सुंदरनगर से हराबाग की ओर पैदल आ रहे एक आरोपी के बैग की चेकिंग के दौरान 408 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सुंदरनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम एएसआई दौलत राम के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल हंसराज, कांस्टेबल कुलदीप कुमार और सतीश कुमार के साथ नाकाबंदी के दौरान किरतपुर-मनाली फोरलेन पर स्थित पुंघ में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को सुंदरनगर से हराबाग की ओर पिट्ठू बैग लेकर पैदल आते हुए देखा। आरोपी पुलिस को देख कर घबरा गया और मौके से भागने की कोशिश करने लगा। इस पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ कर उसके बैग की तलाशी लेने पर 408 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की शिनाख्त सुमन कुमार (40) पुत्र मेहर चंद निवासी गांव गोहर डाकघर दुघन तहसील अर्की जिला सोलन के तौर पर हुई है। पुष्टि करते हुए डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से गहन पूछताछ अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का जारी अभियान लगातार जारी है।












