टकोटी में बस की चपेट में आईं युवती, मौत
. लोगों ने आरोपी के लिए न्यायपालिका से मांगी मौत की सजा
चंडीगढ़ मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग के टकोली टोल प्लाजा के पास बुधवार प्रातः 10 बजे एक निजी बस की चपेट में युवती के आने से दुखद मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती संजना 23 वर्ष गांव किगब डाकघर पनारसा सुबह 10 बजे हर रोज की तरह अपने खड्डी सीखने के काम पर जा रही थी कि अचानक निजी बस की चपेट में आ गई। युवती को उपचार के लिए नगवाईं स्थित अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से टकोली में स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। बस चालक ने भाग कर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्ष दर्शन के अनुसार यह घटना चालक और परिचालक की लापरवाही का परिणाम है। प्रत्यक्ष दर्शियों का कहना है कि जितनी भी निजी बसें चलती हैं वे सवारियों के लालच में तेज गति और रफ ड्राइविंग करते हैं, इसलिए इस प्रकार के हादसे हो रहे हैं। बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में भी बसों की स्पीड कम नहीं करते हैं, जिसका ज्वलंत उदाहरण आज की घटना है। स्थानीय लोगों ने उपायुक्त मंडी से बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्पीड कम करना सुनिश्चित करने की मांग की है और न्यायपालिका से मांग करते हुए कहा कि कोर्ट स्वयं संज्ञान ले और लापरवाही के लिए मौत की सजा सुनाई जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके। औट थाना प्रभारी कर्म सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच शुरू कर दी है। इस मामले पर पुर्व विधायक दरंग जवाहर ठाकुर ने अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे हादसों पर रोक लगाना अनिवार्य है।












