करवाचौथ की पूर्व संध्या पर मंडी के बाजारों में लौटी रौनक
करवाचौथ पर्व से ठीक एक दिन पहले मंडी शहर की गलियों और बाजारों में फिर से चहल-पहल देखने को मिली। दिनभर रुक-रुक कर होती रही बारिश के थमते ही बाजारों में लोगों की आवाजाही तेज हो गई और खासतौर पर महिलाओं की भीड़ ने माहौल को पूरी तरह त्योहारमय बना दिया। सोलह शृ्ंगार की तैयारियों में जुटी महिलाओं ने चूड़ियों, बिंदियों, साड़ियों, कंगनों और पूजा की थालियों की जमकर खरीदारी की। मनियारी और सौंदर्य प्रसाधनों की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की लाइनें लगी रहीं। वहीं, मेहंदी कलाकारों के हाथ भी दिनभर व्यस्त रहे। महिलाओं ने पारंपरिक डिजाइनों की मेहंदी लगवाकर करवाचौथ की तैयारियों में चार चांद लगा दिए।
मिठाई की दुकानों पर भी रही रौनक
मिठाइयों की दुकानों पर फेनी, काजू कतली, लड्डू और बरफी जैसी पारंपरिक मिठाइयों की खूब मांग रही। दुकानदारों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से बारिश की वजह से बिक्री धीमी थी, लेकिन वीरवार को मौसम साफ होते ही ग्राहकों की संख्या में काफी इजाफा हुआ।
कपड़ा बाजार में भी दिखा उत्साह
पारंपरिक परिधानों की मांग में भी तेजी आई है। खासकर साड़ियों और डिजाइनर सूट्स की खरीदारी करते हुए महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया। व्यापारियों ने बताया कि पिछले दिनों बारिश के चलते जो सुस्ती छाई हुई थी, वो अब पूरी तरह दूर हो गई है और बाजारों में रौनक लौट आई है। शहर की महिलाओं का कहना है कि करवाचौथ सुहागिनों के लिए विशेष महत्व रखता है, इसलिए इसकी तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ी जाती। शुक्रवार को व्रत और पूजा की तैयारियों के लिए सभी जरूरी सामान जुटा लिया गया है। त्योहार की इसी उमंग और तैयारियों के बीच मंडी शहर पूरी तरह से उत्सव के रंग में रंगा हुआ नजर आ रहा है।












