सुक्खू सरकार के 'सिस्टम ऐरर' से गरीब वर्ग परेशान: सुधीर शर्मा
धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक व भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने कहा कि सुक्खू सरकार का 'सिस्टम ऐरर' अब प्रदेश के गरीब वर्ग पर भारी पडऩे लगा है। प्रदेश के राशन डिपो की मशीनों में उपभोक्ताओं को केवल नल पैरामीटर, सर्वर ऐरर, सिस्टम ऐरर और ओटीपी सिस्टम फेल ही देखने को मिल रहा है, जिससे लाखों गरीब राशन कार्ड उपभोक्ताओं को सस्ते राशन से वंचित रहना पड़ रहा है। इस सिस्टम को सुधारने में सरकार की तरफ से कोई प्रयास नहीं किया जा रहा, जिससे प्रदेश का गरीब तबका परेशान है। पिछले छह-छह माह से गरीबों के राशन कार्ड ब्लॉक पड़े हैं, जबकि इसमें उनकी कोई गलती नहीं है। सुधीर ने कहा कि प्रदेश में 5000 से अधिक राशन डिपो में 20 लाख से भी ज्यादा राशन कार्ड होल्डर सरकार के पास पंजीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में करीब हर डिपो में 50 से 100 कार्ड सरकार ने ब्लॉक कर रखे हैं। पिछले छह माह से यह कार्ड होल्डर सस्ते राशन से वंचित हैं, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई ध्यान नहीं दे रही।












