प्रदेश सरकार हर मोर्चे में फेल: राकेश चौहान
शाहपुर से भाजपा नेता और जिला महामंत्री राकेश चौहान ने कहा कि शाहपुर के विधायक व उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया शाहपुर का विकास करवाने में नाकाम रहे हैं। विधायक केंद्र सरकार की ओर से चलाई गई स्कीमों के सहारे वाहवाही लूटने का प्रयास कर रहे हैं। शाहपुर की जनता को अढ़ाई साल में घोषणा के अलावा कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि घोषणा के बाद भी ढाई सालों में चंबी ग्राउंड का जीर्णोद्धार नहीं किया गया है। इसके साथ ही शाहपुर में कोई बड़ा संस्थान भी नहीं खुला है। सड़कों का काम प्रधानमंत्री सड़क योजनाओं के सहारे हो रहा है। 19 करोड़ रुपए से गोरडा से रुलेड सड़क प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बनाई जा रही है। जल शक्ति विभाग प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन के सहारे चल रहा है। उन्होंने कहा कि धारकंडी से हारचक्कियां पानी का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट पर प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन के सहारे चल रहा है। सरकारी विभागों में कर्मचारियों की कमी है। अफसर कहते हैं कि काम के लिए पैसा नहीं है, हम क्या करें। हिमाचल के बेरोजगार युवा सड़कों पर घूम रहे हैं। सरकारी नौकरियों की मात्र घोषणाएं हुई हैं। किसान बेहाल हैं। सिंचाई कूहलें बंद हैं। बेसहारा पशु सड़कों पर घूम रहे हैं। कांग्रेस के राज में हिमाचल के डिपुओं में दालें और तेल महंगा हो गया है और दो महीने से बुजुर्गों को बुढ़ापा पेंशन नहीं मिली है।












