मेडिकल कॉलेजे की भीड़ से मिलेगी राहत
डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज नाहन की ओपीडी में भीड़ के कारण मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए चौगान मैदान के सामने पुराने डिग्री कॉलेज भवन में एक सप्ताह के भीतर जनरल ओपीडी शुरू की जा रही है। प्रारंभ में यहां दो से तीन डॉक्टर बैठेंगे और उनके साथ अंतिम वर्ष के इंटर्न भी होंगे।
रूटीन जांच, डॉग बाइट ट्रीटमेंट और हेल्थ एजुकेशन की भी सुविधा
विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि इस ओपीडी को भविष्य में शहरी वेलनेस सेंटर में परिवर्तित किया जाएगा। यहाँ लैब टेक्नीशियन की तैनाती से रूटीन ब्लड व अन्य टेस्ट भी संभव होंगे। डॉग बाइट जैसी आपातकालीन स्थितियों में प्राथमिक दवाएं और इंजेक्शन की व्यवस्था भी होगी। वहीं, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एसएस डोगरा ने कहा कि हेल्थ एजुकेटर भी नियुक्त होंगे, जो नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेंगे।
पुराने डिग्री कॉलेज भवन का वातावरण खुला और हवादार है, जिससे मरीजों को बैठने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी। यह स्थान मेडिकल कॉलेज के अपेक्षाकृत भीड़-भरे परिसर की तुलना में अधिक सुविधा देगा। प्राथमिक जांच के बाद गंभीर मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया जाएगा।












