नगरोटा सूरियां में मूसलाधार बारिश का कहर : सुखाहार नहर ओवरफ्लो, अस्पताल में घुसा पानी, मरीजों को देनी पड़ी छुट्टी
नगरोटा सूरियां क्षेत्र में शनिवार रात मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। बारिश के कारण सुखाहार नहर ओवरफ्लो हो गई, जिससे नहर का पानी, कीचड़ और मलबा नगरोटा सूरियां-देहरा चौक मार्ग से होते हुए एक निजी अस्पताल में जा घुसा। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को मजबूरन असमय छुट्टी देनी पड़ी। नहर के ओवरफ्लो होने से न केवल अस्पताल परिसर जलमग्न हुआ, बल्कि सड़क भी बुरी तरह उखड़ गई। यह सड़क हाल ही में एफडीआर तकनीक से तैयार की जा रही थी, लेकिन अभी तारकोल बिछाया नहीं गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार पूरी रात डॉक्टरों और स्टाफ ने अस्पताल से मलबा हटाने का काम किया। अस्पताल के बाहर जमा भारी मात्रा में मलबा हटाने के लिए मज़दूरों को बुलाना पड़ा। स्थानीय लोगों और डॉक्टरों ने लोक निर्माण विभाग पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी की कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई। कई जगहों पर स्थानीय लोगों ने भी पानी की निकासी को अवरुद्ध कर दिया है, जिससे अस्पताल में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई। घटना की सूचना मिलते ही लोकनिर्माण विभाग के एसडीओ नरेंद्र राणा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य अभी जारी है और जल्द ही जल निकासी की उचित व्यवस्था करवा दी जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग समय रहते स्थायी समाधान नहीं करते, तो आगामी मानसून में हालात और भी भयावह हो सकते हैं।












