पौंग झील में बढ़ रहा जलस्तर 1292.95 फुट किया रिकॉड
बारिश होने के कारण पौंग बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पौंग बांध में वीरवार को सुबह जलस्तर 1292.95 फुट रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को जलस्तर 1290.85 फुट रिकॉर्ड किया गया था। एक ही दिन में जलस्तर करीब दो फुट बढ़ गया है। बुधवार को पौंग बांध में 16920 क्यूसिक पानी की आमद थी, जबकि वीरवार को पौंग बांध में 34939 क्यूसिक पानी की आमद रिकॉर्ड हुई। पिछले एक सप्ताह की बात की जाए, तो पौंग बांध में चार फुट पानी का स्तर बढ़ा है। पौंग झील की सहायक नदियों व खड्डों में पानी काफी ज्यादा आ रहा है, जिस कारण लगातार जलस्तर बढ़ता जा रहा है। पौंग बांध में 1410 फुट तक पानी स्टोर करने की क्षमता है, लेकिन 1390 फुट पहुंचने पर पानी को छोडऩा शुरू कर दिया जाता है। पौंग बांध में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। एसडीएम जवाली विश्रुत भारती ने कहा कि पौंग झील का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। ऊपरी क्षेत्रों में लगातार बारिश होने के कारण खड्डों-नालों में भी काफी तेज बहाव से पानी आ रहा है। उन्होंने जनता से आग्रह किया है कि खड्डों-नालों के पास न खुद जाएं और न ही मवेशियों को जाने दें।












