स्किल डेवलपमेंट कर युवाओं को रोजगार से जोड़ेगी सेंट्रल यूनिवर्सिटी
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय ने बुधवार को एनआईआईटी फाउंडेशन दिल्ली के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए, जिसका उद्देश्य छात्रों को नि:शुल्क कौशल विकास पाठ्यक्रम प्रदान करना और उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोडऩा है। इस अवसर पर प्राध्यापकों के लिए एक फैकल्टी डेवलपमेंट कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने इस पहल को छात्रों के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों को केवल शिक्षा प्रदान करने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ रोजगार के लिए भी तैयार कर रहा है। इसी कड़ी में एनआईआईटी फाउंडेशन के सहयोग से छात्रों को विभिन्न कौशल विकास पाठ्यक्रम करवाए जाएंगे। बंसल ने बताया कि छात्रों की आईटी स्किल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एमएस ऑफिस, डिजिटल मार्केटिंग, इंटरव्यू की तैयारी, सॉफ्ट स्किल, एडवांस एक्सेल सहित अन्य समग्र विकास के पाठ्यक्रम शामिल होंगे। ये पाठ्यक्रम 15 दिन से एक माह तक की अवधि के होंगे, जिन्हें छात्र अपनी पढ़ाई के साथ-साथ भी कर सकते हैं। इस साझेदारी का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि एनआईआईटी फाउंडेशन इन कोर्सों को पूरा करने वाले छात्रों के लिए विभिन्न कंपनियों के साथ संपर्क स्थापित कर प्लेसमेंट की सुविधा भी प्रदान करेगा। इस अवसर पर केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुमन शर्मा ने एनआईआईटी फाउंडेशन के साथ मिलकर छात्रों के करियर के लिए विभिन्न क्षेत्रों में काम करने का सुझाव दिया। कार्यक्रम में एनआईआईटी संस्था से क्षेत्रीय प्रमुख विजय कुसुम्बे, राज्य प्रमुख अमित बक्शी, एवं ईशा आहूजा, प्रियंका शाह उपस्थित रहे। केंद्रीय विश्वविद्यालय की ओर से इस कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. श्वेता शर्मा, समाज कार्य विभाग ने महत्वपूणी भूमिका निभाई।












